मधुबनी । ड्यूटी के दौरान पुलिस अधिकारी व जवान मोबाइल का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करेंगे। यदि ऐसा होता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। पुलिस मुख्यालय ने ड्यूटी के दौरान अनावश्यक मोबाइल और सोशल मीडिया का उपयोग पुलिसकर्मियों द्वारा मनोरंजन के लिए करने पर रोक लगा दी है। आदेश का उल्लंघन अनुशासनहीनता मानी जाएगी। इस बाबत डीजीपी एसके सिंघल ने मंगलवार को आदेश जारी किया है।
बिहार के डीजीपी संजीव कुमार सिंघल ने ड्यूटी के दौरान मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पाबंदी लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपने आदेश में कहा है कि विशेष परिस्थिति को छोड़कर मोबाइल फोन का उपयोग नहीं किया जाए। साथ ही ऐसा करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
डीजीपी ने सभी एसएसपी, एसपी व कमांडेंट को आदेश दिया है कि वे अपने अधीनस्थों को इस बारे में निर्देश दें। इसके उल्लंघन को अनुशासनहीनता मानते हुए करवाई भी करें। डीजीपी ने अपने आदेश में कहा है कि विधि व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, चौक चौराहों आदि महत्वपूर्ण पोस्टों पर ड्यूटी के दौरान पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को सजग रहना पड़ता है।
ऐसे मामले सामने आए हैं कि पुलिस पदाधिकारी व कर्मी ड्यूटी के दौरान ही अनावश्यक रूप से मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का इस्तेमाल करते हैं। इस कारण सुरक्षा और दूसरे कई कार्य बाधित होते हैं। समय की बर्बादी भी होती है।


