सीतामढ़ी । सीतामढ़ी में बेखौफ अपराधियों का तांडव गुरुवार की सुबह देखने को मिला. सीतामढ़ी एसपी आवास से महज कुछ ही फर्लांग पर मॉर्निंग वॉक पर निकले मोहरी नंदकिशोर राय को अपराधियों ने गोली मार दी. नंदकिशोर राय को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना की सूचना के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस मामले की जांच शुरू कर चुकी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बड़ी बाजार निवासी नन्द किशोर राय रजिस्ट्री ऑफिस डुमरा में मोहरी का कार्य करता है. उसके उपर की गई गोली बारी की घटना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है. इधर, जानकारों का कहना है कि नंद किशोर राय से कुछ दिन पहले कुख्यात अपराधी प्रेम सिंह टाइगर ने फिरौती की मांग की थी. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने टाइगर को जेल भेज दिया था.
दूसरी ओर, लॉकडाउन के बीच जिले में तेजी के साथ पांव पसार रहे अपराध को लेकर लोगों में दहशत कायम हो गया है. हाल ही में हीरो एजेंसी के मुंशी से दिनदहाड़े 17 लाख लूट की घटना को अंजाम दिया गया था. इसका मुख्य सरगना अभी तक पुलिस के गिरफ्त से बाहर है.


