- नवम्बर 19 से अक्टूबर 20 तक 10 कांड के तहत जब्त किया गया था सभी शराब
मधुबनी । खिरहर थाना परिसर में 1788 लीटर देशी व विदेशी शराब का विनिष्टिकरण किया गया। नवम्बर 2019 से अक्टूबर 2020 तक पुलिस के द्वारा दर्ज किए गए कुल 10 कांड के तहत जब्त 1788 लीटर शराब को नष्ट किया गया। इस दौरान सभी शराब की बोतलों को जेसीबी से कुचलकर गड्ढे में डाल कर मिट्टी से ढक दिया गया।
इस कार्रवाई के लिए मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त हरलाखी सीओ सौरभ कुमार के उपस्थिति में थानाध्यक्ष अंजेश कुमार व उत्पाद विभाग के अधिकारी ने सभी शराब को विनष्ट कराया।
इस बावत मजिस्ट्रेट सह सीओ ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जब्त शराब का विनिष्टिकरण किया गया है। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जब्त शराब का समय-समय पर विनिष्टिकरण किया जा रहा है।
शेष बचे शराब को भी आदेश मिलते ही विनष्ट करने की प्रक्रिया की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकार के द्वारा शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने में आमलोगों से सहयोग की जरूरत है।
समाज के जागरूक लोगों को भी पुलिस की मदद करनी चाहिए। इस कानून के आने से समाज मे काफी बदलाव हुआ है। अब गरीब लोगों के घर में भी अमन चैन देखने को मिल रहा है। मौके पर थाना के सभी पदाधिकारी सहित पुलिस कर्मी व चौकीदार मौजूद थे।


